दर्दनाक हादसा: पौड़ी के खांड्यूसेण में गुलदार ने 7 साल की मासूम को बनाया निवाला, शव बरामद

दर्दनाक हादसा: पौड़ी के खांड्यूसेण में गुलदार ने 7 साल की मासूम को बनाया निवाला, शव बरामद

पौड़ी। पौड़ी जिला मुख्यालय से सटे खांड्यूसेण मुख्य बाजार में आज देर शाम गुलदार ने एक 7 वर्षीय मासूम बालिका पर हमला कर उसे अपना निवाला बना लिया। गुलदार बालिका को सड़क से उठाकर ले गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद बालिका का शव बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। ग्रामीण वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि आखिर पहाड़ के मासूम कब तक वन्यजीवों के हमलों का शिकार होते रहेंगे? बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? लोगों ने गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग उठाई है।

पहाड़ में लगातार बढ़ते वन्यजीवों के हमले एक गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। अब सवाल यह है कि ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।

उत्तराखंड